Tuesday, 3 November 2026

English edition Raipur

Join Group Now
Hamar CG Hamar Chhattisgarh, Hamar Pehchaan

India

यूपी चुनाव में AIMIM की तैयारी तेज, रामपुर में ओवैसी ने भरी हुंकार

October 19, 2026 Source: Hamaar-CG

Join Now
यूपी चुनाव में AIMIM की तैयारी तेज, रामपुर में ओवैसी ने भरी हुंकार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि अब किसी नेहरू गांधी या यादव को नेता नहीं बनने दिया जाएगा. ओवैसी ने अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसा और कहा कि उनका वक्त आया था, लेकिन अब AIMIM का दौर आएगा. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं और इसी कड़ी में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी रामपुर पहुंचे. उन्होंने इस दौरान कहा कि अब किसी नेहरू गांधी या किसी यादव को नेता नहीं बनने देंगे. असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को रामपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान हरे रंग की पगड़ी में उनका अलग अवतार देखने को मिला. जनसभा में लोगों का भारी हुजूम देखने को मिला. ओवैसी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस, बीजेपी और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साथा. उन्होंने कहा, 'अब हम ना किसी नेहरू गांधी या किसी यादव को अपना नेता बनाएंगे. हमारी सफों में ये नौजवान बेटा और बेटियां खड़ी होंगी.' * AIMIM आपको प्लेटफॉर्म दे रही है * उन्होंने आगे कहा, 'मैं जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि मुस्लिम नौजवानों में भी उतनी ही काबिलियत है जितने दूसरों में हैं. आप में सलाहियत है मगर आपको प्लेटफॉर्म नहीं दिया जाता. AIMIM आपको प्लेटफॉर्म दे रही है कि आओ बेटों और बेटियों नेता बनो. भारत की खिदमत करो और मजलूमों को इंसाफ दिलाओ.' * अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा * ओवैसी ने आगे कहा कि लोगों को तकलीफ है कि अब्दुल नेता नहीं बनेगा. उन्होंने कहा, 'अब्दुल सिर्फ दरी बिछाएगा और जब दरी बिछ जाएगी तो नेहरू, गांधी और यादव की तरह तकिया लगाकर दरी पर आराम से बैठेंगे और हमको दूर से कहेंगे- अब्दुल कैसा है. अब्दुल दरी बिछाने के लिए पैदा नहीं हुआ है. अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा. अब्दुल नेता बनेगा, विधायक बनेगा, सांसद बनेगा इंशाल्लाह.' AIMIM प्रमुख ने अपने संबोधन के दौरान अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा. उन्होंने शेर पढ़ा, 'कुछ देर की खामोशी है, फिर शोर आएगा. अखिलेश-बाबा तुम्हारा वक्त आया है, हमारा दौर आएगा.' * अनुराग भदौरिया का पलटवार * ओवैसी के इस बयान पर समाजवादी पार्टी के नेता अनुराग भदौरिया ने पलटवार किया है. उन्होंने लिखा, 'सबसे पहली बात है कि हिंदुस्तान में कोई भी व्यक्ति किसी भी धर्म का ठेकेदार नहीं हो सकता है. ये हिंदुस्तान है, यहां सभी लोग मिलकर रहते हैं और युवाओं में क्षमता है. इसमें कोई दो राय नहीं है, चाहे हिंदू हो चाहे मुस्लिम हो.' उन्होंने आगे कहा कि हमारा हिंदुस्तान का युवा बहुत क्षमतावान है और जो लोग हिंदुस्तान के अंदर में हिंदू-मुस्लिम युवाओं की बात करते हैं. इसका मतलब वो हिंदुस्तान की बात नहीं करते, वो अपने राजनीतिक फायदे की बात करते हैं. तो मैं तो यही कहूंगा राजनीतिक फायदा छोड़ के हिंदुस्तानियत की बात करनी चाहिए. हिंदुस्तान के युवाओं की बात करनी चाहिए.'