Tuesday, 3 November 2026

English edition Raipur

Join Group Now
Hamar CG Hamar Chhattisgarh, Hamar Pehchaan

India

मजदूरी करने वाले एतवार दास का पक्के घर का सपना हुआ पूरा

September 23, 2026 Source: Hamaar-CG

Join Now
मजदूरी करने वाले एतवार दास का पक्के घर का सपना हुआ पूरा
रायपुर, 23 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ में जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की तस्वीर सामने आ रही है। सरगुजा जिले के जनपद पंचायत अम्बिकापुर के ग्राम रामपुर निवासी श्री एतवार दास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण वर्षों पुरानी परेशानी से राहत लेकर आई है। मजदूरी कर परिवार का जीवनयापन करने वाले एतवार दास लंबे समय तक अपने पिता के पुराने कच्चे मकान में रहे। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने और घर के सामान को बचाने की चिंता अब उनके जीवन का हिस्सा नहीं है। योजना के माध्यम से पक्का आवास मिलने के बाद उनका परिवार सुरक्षित और सुकून भरा जीवन जी रहा है। *बारिश आते ही बढ़ जाती थी परेशानी* एतवार दास बताते हैं कि उनके पिता का पुराना मिट्टी का मकान समय के साथ जर्जर हो गया था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण परिवार को काफी परेशानी होती थी। घर के भीतर पानी न आए और सामान खराब न हो, इसके लिए बारिश के दौरान लगातार चिंता बनी रहती थी। दैनिक मजदूरी से होने वाली सीमित आय में परिवार की जरूरतें पूरी करना ही प्राथमिकता थी। ऐसे में पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। नियमित आय का कोई स्थायी साधन नहीं होने के कारण वे पुराने कच्चे मकान की मरम्मत कर किसी तरह परिवार के साथ जीवन गुजार रहे थे। *प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से पूरा हुआ पक्के घर का सपना* प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ मिलने के बाद एतवार दास के परिवार की वर्षों पुरानी समस्या दूर हुई। योजना के माध्यम से उनका पक्का आवास तैयार हुआ। अब बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने की चिंता नहीं रहती और परिवार को सुरक्षित आवास का सहारा मिला है। अपने पक्के घर को लेकर खुशी जाहिर करते हुए एतवार दास कहते हैं, “पहले मेरे पिताजी का कच्चा मकान था और उसी में हम रहते थे। बारिश में बहुत पानी चूता था, जिससे बहुत परेशानी होती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से मुझे पक्का मकान मिल गया है। अब मेरे को वह तकलीफ नहीं है और मेरा परिवार सुखी है।” *पक्का मकान बना सुरक्षा और सुकून का आधार* एतवार दास के लिए पक्का आवास केवल एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही चिंता और असुविधा से मिली राहत है। अब वे अपनी पत्नी के साथ सुरक्षित आवास में रह रहे हैं। बारिश के दिनों में घर और सामान को बचाने की चिंता से मुक्ति मिली है और परिवार के जीवन में स्थिरता आई है। वे बताते हैं कि मजदूरी ही उनकी आजीविका का साधन है और सीमित आय में पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। योजना का लाभ मिलने से उनके परिवार की एक बड़ी जरूरत पूरी हुई है। एतवार दास ने पक्का आवास मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनकी कहानी बताती है कि जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित आवास मिलने से केवल रहने के लिए पक्की छत ही नहीं मिलती, बल्कि मौसम की चिंता से राहत, परिवार की सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का संबल भी मिलता है।